IRAN NEWS. लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्तों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ईरान ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने और समुद्री व्यापार को सामान्य करने के उद्देश्य से एक शुरुआती और अनौपचारिक ड्राफ्ट (मसौदा) तैयार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरानी सरकारी टेलीविजन ने इस दस्तावेज के अस्तित्व की पुष्टि की है, हालांकि इसे अभी अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

बताया जा रहा है कि यदि यह समझौता लागू होता है तो अगले 30 दिनों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट में व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही को युद्ध से पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जा सकता है। इसके बदले अमेरिका ईरान के आसपास समुद्री क्षेत्रों में अपनी सैन्य मौजूदगी कम करेगा और नौसैनिक घेराबंदी समाप्त करने पर विचार कर सकता है।


रिपोर्ट्स के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट में व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी ईरान और ओमान संयुक्त रूप से संभालेंगे। हालांकि, यह छूट अमेरिकी सैन्य जहाजों या युद्धपोतों पर लागू नहीं होगी।

ईरान की ओर से साफ किया गया है कि यह केवल शुरुआती मसौदा है और बिना ठोस गारंटी के वह किसी अंतिम समझौते की ओर आगे नहीं बढ़ेगा। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम पर अमेरिकी प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यह समझौता अमल में आता है तो वैश्विक समुद्री व्यापार, तेल आपूर्ति और मध्य-पूर्व क्षेत्र की स्थिरता पर इसका बड़ा असर पड़ सकता है।




































