SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के विश्रामपुर में पिछले दो दिनों से जारी कांग्रेस का आंदोलन बुधवार को समाप्त हो गया। प्रशासन की ओर से कार्रवाई और मांगें मानने के आश्वासन के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री T. S. Singh Deo ने अपना आमरण अनशन समाप्त किया, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij की क्रमिक भूख हड़ताल भी खत्म हो गई। अधिकारियों ने नारियल पानी पिलाकर दोनों नेताओं का अनशन तुड़वाया।

कांग्रेस की ओर से विश्रामपुर थाना प्रभारी पर कार्रवाई और जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर लगाए गए आर्म्स एक्ट के प्रकरण को हटाने की मांग की गई थी। प्रशासन ने सकारात्मक आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया। आंदोलन खत्म कराने सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और एएसपी योगेश देवांगन धरनास्थल पहुंचे। इस दौरान सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा और सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर से भी चर्चा हुई।

अनशन समाप्त होने के बाद टीएस सिंहदेव ने कहा कि यह न्याय की दिशा में मिली शुरुआती सफलता है और जनहित की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। वहीं दीपक बैज ने इसे सत्य और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया।
इससे पहले मंगलवार को आंदोलन स्थल पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel ने पुलिस प्रशासन पर जमकर निशाना साधा था। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव सभा में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक रूप से दबाने के लिए झूठे मामले दर्ज किए गए हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा था कि जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।

दरअसल, पूरा विवाद भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय और कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन के बीच हुए कथित विवाद के बाद शुरू हुआ। भाजपा पक्ष की शिकायत पर नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि उन्होंने कटार दिखाकर धमकी दी, हालांकि पुलिस अब तक कथित हथियार बरामद नहीं कर सकी है।
इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार से आंदोलन शुरू किया था। मंगलवार को टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठ गए, जबकि दीपक बैज ने भूख हड़ताल शुरू की। आंदोलन में पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पारस राजवाड़े, पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम और एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शामिल रहे।

कांग्रेस की मांग पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन की शिकायत के आधार पर विश्रामपुर पुलिस ने दो आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत एफआईआर दर्ज की है।
धरनास्थल पर पूरी रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ बनी रही। बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीएस सिंहदेव का स्वास्थ्य परीक्षण किया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की लगातार बातचीत के बाद आखिरकार आंदोलन समाप्त हो गया।





































