BALOD NEWS. छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक क्रेटा कार से करीब 65 लाख रुपए नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई पुरूर-चारामा एनएच-30 मुख्य मार्ग पर मरकाटोला घाटी के पास की गई। मामले में पुलिस ने कार सवार दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार के पिछले हिस्से में रखे दो बैगों से भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई। वाहन में बालोद निवासी कारोबारी अमित जैन और चालक लच्छू ठाकुर, निवासी ग्राम तरौद, सवार थे।


पुलिस पूछताछ में दोनों व्यक्ति बरामद रकम से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद पुलिस ने तत्काल नगदी और वाहन को जब्त कर लिया। बाद में कार को पुरूर थाने लाया गया, जहां तहसीलदार की मौजूदगी में बैंक कर्मचारियों द्वारा रकम की गिनती करवाई गई।

प्रारंभिक जांच में मामला टैक्स चोरी और अवैध नकदी परिवहन से जुड़ा प्रतीत होने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी जानकारी और जब्त राशि को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है।



































