KORBA NEWS. सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक युवक की जान ले बैठा। कोरबा जिले की अहिरन नदी में नहाने गए युवक ने वीडियो बनाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगाई, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह गहरे पानी में फंस गया। करीब तीन मिनट तक युवक पानी में संघर्ष करता रहा, जबकि किनारे खड़े उसके दोस्त इसे मजाक और स्टंट समझकर मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। जब तक दोस्तों को खतरे का एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

जानकारी के अनुसार SECL कुसमुंडा में पदस्थ डंपर ऑपरेटर का 25 वर्षीय बेटा निखिल सिंह मंगलवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ अहिरन नदी में नहाने गया था। इसी दौरान उसने रील बनाने के लिए ऊंचाई से नदी में छलांग लगा दी। दोस्तों ने मोबाइल कैमरा ऑन कर वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि छलांग लगाने के बाद निखिल लगातार हाथ-पैर मारता रहा, लेकिन दोस्तों को लगा कि वह तैरने की एक्टिंग कर रहा है। कुछ देर बाद वह पानी में डूब गया।


घटना की जानकारी मिलने पर कुसमुंडा पुलिस, गोताखोरों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। बुधवार को खराब मौसम के कारण रेस्क्यू अभियान प्रभावित रहा, लेकिन देर शाम युवक का शव नदी की सतह पर मिला। बताया जा रहा है कि बिलासपुर से पहुंची एनडीआरएफ टीम को पर्याप्त उपकरणों की कमी के कारण रेस्क्यू में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं यह हादसा सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्टंट और रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।



































