BILASPUR NEWS. जिले के बेलगहना क्षेत्र में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अरपा नदी पुल के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ हाथ तैरता हुआ मिला। घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर बेलगहना चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार नदी किनारे मौजूद कुछ लोगों की नजर पानी में तैर रहे कटे हाथ पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चला रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कटा हुआ हाथ किस व्यक्ति का है और मामला हत्या से जुड़ा है या किसी अन्य घटना का हिस्सा।


पुलिस आसपास के थानों से लापता लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। वहीं घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

घटना के बाद बेलगहना और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।



































