SEEPAT NEWS. मचखंडा गांव में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ चरित्र संदेह के चलते एक वृद्ध पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या करने का प्रयास किया। आरोपी ने बड़ी चालाकी से पत्नी से ही चूहामार दवा मंगवाई और फिर जंगल ले जाकर उसे जबरदस्ती खिला दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, मचखंडा निवासी रामरतन सूर्यवंशी (65 वर्ष) अक्सर अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसी विवाद के चलते वह अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट और झगड़ा करता रहता था। 8 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे, रामरतन ने घर में चूहे होने का बहाना बनाया और अपनी पत्नी से गांव की ही एक किराना दुकान से चूहामार दवा मंगवाई।

जंगल ले जाकर वारदात को दिया अंजाम
दवा लाने के बाद आरोपी अपनी पत्नी कोकुमीहाखार की ओर लकड़ी लाने के बहाने ले गया। सुनसान इलाके का फायदा उठाकर रामरतन ने अपनी पत्नी को पकड़ लिया और उसे जबरदस्ती चूहामार दवा खिला दी। जहर के असर से महिला मौके पर ही बेहोश हो गई।

तीन दिन बाद होश आने पर खुला राज
घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में पीड़ित महिला को इलाज के लिए सिम्स (CIMS) अस्पताल में भर्ती कराया। जहर के गहरे असर के कारण महिला तीन दिनों तक अचेत रही। होश आने के बाद उसने अपने बेटे को पूरी आपबीती सुनाई।

पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित महिला की रिपोर्ट पर सीपत पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति रामरतन सूर्यवंशी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई और उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।





































