Jhansi News: उत्तर प्रदेश: झांसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रक्सा क्षेत्र के इमलिया गांव में बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीआईडीए) से मुआवजे की बड़ी रकम मिलने के बाद एक व्यक्ति अपनी पत्नी को छोड़कर प्रेमिका के साथ फरार हो गया। पीड़ित महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार, परिवार के पास जमीन अधिग्रहण के बदले लगभग एक करोड़ रुपये का मुआवजा आया था, जिसमें पीड़ित महिला के पति के हिस्से में करीब 25 लाख रुपये आए। इसके बाद से ही उसके पति का रहन-सहन और व्यवहार बदलने लगा। इसके बाद वह अचानक अपनी प्रेमिका के साथ घर से गायब हो गया।

पीड़िता का कहना है कि पति पहले से ही दूसरी महिला के संपर्क में था और मुआवजा मिलने के बाद उसने योजनाबद्ध तरीके से उसे छोड़ दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पति न सिर्फ पैसे लेकर फरार हुआ, बल्कि उसे आर्थिक और मानसिक रूप से असहाय स्थिति में छोड़ गया। महिला ने रोते हुए बताया कि उनका 8 साल पुराना वैवाहिक रिश्ता है और दोनों का एक 6 साल का बेटा भी है, लेकिन नीलेश इन सब की परवाह किए बिना परिवार छोड़कर चला गया।

मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।




































