प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों के लिए कई जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में हीट वेव की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार बिलासपुर, रायपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और राजनांदगांव जिलों में लू चलने की संभावना है। विभाग ने लोगों को जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।
रायपुर बना देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल
राजधानी रायपुर में तापमान 44 डिग्री के पार जाने की संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी के चलते रायपुर इस समय विश्व के 20 सबसे गर्म शहरों की सूची में शामिल हो चुका है।
फिलहाल राहत के आसार नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य का रखें विशेष ध्यान
विशेषज्ञों ने लोगों से दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। लगातार बढ़ती गर्मी बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है।





































