Dhamtari New : धमतरी : जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भेंड़रा गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शराबी युवक करीब 50 फीट ऊंचे हाई टेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की सांसें अटक गईं और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
पत्नी से विवाद के बाद उठाया खतरनाक कदम
जानकारी के मुताबिक टावर पर चढ़ा युवक गांव का रहने वाला यादराम साहू है। बताया जा रहा है कि पत्नी से विवाद के बाद वह गुस्से में घर से निकला और सीधे गांव के पास लगे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया। युवक शराब के नशे में था और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
टावर पर युवक को देख गांव में मचा हड़कंप
जैसे ही ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी, गांव में दहशत फैल गई। ऊपर हाई टेंशन लाइन और नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ के बीच हर किसी को किसी बड़े हादसे का डर सताने लगा। ग्रामीण लगातार युवक से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह काफी देर तक टावर पर ही बैठा रहा।
पारिवारिक तनाव से गुजर रहा था युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक लंबे समय से पारिवारिक विवाद से परेशान था। बताया जा रहा है कि उसकी दो पत्नियां हैं और घरेलू विवाद के चलते वह पिछले दो दिनों से मानसिक तनाव में था। इसी तनाव और शराब के नशे में उसने अपनी जान जोखिम में डाल दी।
पुलिस की समझाइश के बाद नीचे उतरा युवक
घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को दूर किया ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। इसके बाद पुलिस जवानों ने युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक बातचीत और समझाइश के बाद युवक नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।
टला बड़ा हादसा, पुलिस कर रही पूछताछ
जैसे ही युवक सुरक्षित नीचे उतरा, गांव वालों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि इस पूरी घटना में युवक को किसी तरह की चोट नहीं आई। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।



































