DURG NEWS. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के गृह ग्राम बेलौदी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाजार में ठेले पर चाट-गुपचुप खाने के बाद करीब 25 लोग अचानक उल्टी-दस्त की शिकायत से बीमार पड़ गए। बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ बीमार होने की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और मेडिकल टीम तत्काल गांव पहुंची।

स्वास्थ्य टीम ने शुरू किया घर-घर सर्वे
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. भुनेश्वर कठौतिया के निर्देशन में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. उमेश मिर्झा, सेक्टर पर्यवेक्षक उत्तम मधुकर और मितानिनों की टीम ने गांव में मोर्चा संभाला। स्वास्थ्य कर्मियों ने घर-घर जाकर सर्वे किया और प्रभावित लोगों की पहचान कर तत्काल इलाज शुरू किया।


गंभीर मरीजों को किया गया रेफर
जिन मरीजों की हालत ज्यादा खराब थी, उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गाड़ाडीह और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन भेजा गया। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता के चलते स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने मौसम को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि बासी भोजन और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें। साथ ही साफ-सफाई का ध्यान रखने और उल्टी-दस्त जैसी समस्या होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी गई है।



































