जगदलपुर। नगर निगम महापौर संजय पांडेय ने एक अनोखे अंदाज में आवारा कुत्तों के नसबंदी (ABC) केंद्र का शुभारंभ किया। रविवार को कंगोली स्थित नसबंदी सेंटर में महापौर कुत्तों की पूजा करते नजर आए। इस दौरान उन्होंने कुत्तों को फूल-माला चढ़ाई और पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद शहर में चर्चा का माहौल बन गया। कुछ लोगों ने महापौर की इस पहल की सराहना की तो कुछ ने इसे अजीब और अनावश्यक बताया। एक यूजर ने लिखा, “जगदलपुर नगर निगम प्रदेश का पहला डॉग लवर निगम बन गया।”

क्यों लिया गया यह फैसला?
शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही थी। रात में झुंड में घूमना, लोगों पर हमला और रेबीज जैसी बीमारियों की शिकायतें आम हो गई थीं। इसे देखते हुए महापौर संजय पांडेय ने पशु प्रेमी संस्थाओं और अधिकारियों के साथ बैठक की और अभियान की रूपरेखा तैयार की।

नगर निगम ने हर महीने 500 आवारा कुत्तों के बधियाकरण का लक्ष्य रखा है। अभियान चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में चलाया जाएगा। निगम के साथ पशु चिकित्सा विभाग और पशु प्रेमी संगठनों की संयुक्त समिति भी बनाई गई है, जो पूरे कार्यक्रम की निगरानी करेगी।

निगम अधिकारियों के अनुसार इससे आने वाले वर्षों में आवारा श्वानों की संख्या नियंत्रित होगी और शहर में लोगों के लिए सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सकेगा।




































