RAIPUR NEWS. राजधानी रायपुर के शहीद वीरनारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में 10 मई को होने वाले आईपीएल मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शविवार शाम 7:30 बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन मैच से पहले मौसम ने आयोजकों और फैंस की चिंता बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार और शनिवार शाम रायपुर में अचानक मौसम बदलने के साथ तेज हवाएं और बेमौसम बारिश देखने को मिली। इससे गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन क्रिकेट फैंस की बेचैनी बढ़ गई है।
विभाग के मुताबिक प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि 11 मई के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद है।

इधर, मुकाबले के लिए दोनों टीमें रायपुर पहुंच चुकी हैं। विराट कोहली समेत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाड़ियों के एयरपोर्ट पहुंचते ही फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ी सुरक्षा के बीच खिलाड़ियों को सीधे होटल रवाना किया गया।
वहीं मुंबई इंडियंस की टीम ने स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर और गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा नेट्स पर तैयारी करते नजर आए। बुमराह फिटनेस और रनअप पर काम करते दिखे, जबकि दीपक चाहर ने पिच का निरीक्षण किया।

मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद कर दी गई है। स्टेडियम और आसपास करीब 1500 जवान तैनात किए गए हैं। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लेकर दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आयोजकों ने दर्शकों से समय से पहले स्टेडियम पहुंचने और टिकट पर दिए गए गेट नंबर का पालन करने की अपील की है। बिना वैध टिकट या पास के प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा कारणों से स्टेडियम में छाता, बड़े बैग, कैमरा, लेजर लाइट, हथियार, पटाखे, कांच के कंटेनर, हॉकी स्टिक और प्रचार सामग्री जैसी वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया गया है।

मुकाबले को लेकर फैंस में भारी उत्साह है। खबर है कि मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी, अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और क्रिकेट दिग्गज सचिन तेंदुलकर का परिवार भी रायपुर पहुंच सकता है। अब सभी की नजरें मौसम पर टिकी हुई हैं कि कहीं बारिश इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले का रोमांच फीका न कर दे।



































