KHAIRAGARH NEWS. छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के घिरघोली गांव में शनिवार सुबह सड़क किनारे मिले दो रहस्यमयी बॉक्स ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। ग्रामीणों ने बॉक्स को देखकर इसे काला जादू और टोना-टोटका से जोड़ना शुरू कर दिया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर छुईखदान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

दरअसल, घिरघोली गांव के बाहरी हिस्से में सड़क किनारे दो बंद बॉक्स पड़े मिले थे। देखते ही देखते इसकी खबर पूरे गांव में फैल गई। लोगों ने तरह-तरह की आशंकाएं जतानी शुरू कर दीं। किसी ने इसे तांत्रिक क्रिया बताया तो किसी ने किसी अनहोनी की आशंका जाहिर की।


स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सावधानीपूर्वक दोनों बॉक्स खोले। बॉक्स के अंदर चूड़ी, साड़ी, चावल, नारियल और नींबू जैसी सामग्री मिली। सामान देखकर मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए और गांव में चर्चाओं का दौर तेज हो गया।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, थाना प्रभारी बिलकिस खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला किसी शादी समारोह से जुड़ी सामग्री का लग रहा है, जो संभवतः रास्ते में छूट गई होगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




































