KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर दक्षिण इलाके में शनिवार को उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ कथित मारपीट और विरोध प्रदर्शन की घटना सामने आई। अभिषेक यहां कथित चुनावी हिंसा से प्रभावित पार्टी कार्यकर्ताओं और परिवारों से मुलाकात करने पहुंचे थे।

आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही विरोध कर रहे लोगों ने उन्हें घेर लिया और चोर-चोर के नारे लगाए। इस दौरान कथित तौर पर धक्का-मुक्की, जूते, अंडे और पत्थर फेंके गए, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए। स्थिति बिगड़ने पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया। घटना के दौरान उनकी शर्ट फटने की भी बात सामने आई है।

अभिषेक बोले यह हमला पहले से प्लान था
घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला पूर्व नियोजित था और मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद नहीं था। उन्होंने दावा किया कि हमलावर उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहते थे, लेकिन हेलमेट की वजह से गंभीर चोट से बचाव हो गया। साथ ही उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर अदालत और राज्यपाल के समक्ष शिकायत दर्ज कराएंगे।

हाईकोर्ट और राज्यपाल तक पहुंचेगा मामला
टीएमसी सांसद ने कहा कि पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और इसके आधार पर वे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक वे पीछे नहीं हटेंगे।

संवेदनशील इलाके में बढ़ा सियासी तनाव
सोनारपुर दक्षिण क्षेत्र को लंबे समय से राजनीतिक रूप से संवेदनशील माना जाता रहा है, जहां टीएमसी और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलता है। हाल के महीनों में भी क्षेत्र में राजनीतिक हिंसा और तनाव की घटनाएं सुर्खियों में रही हैं, जिससे इस ताजा घटनाक्रम के बाद सियासी माहौल और गर्मा गया है।

सीआईडी समन से भी बढ़ी हलचल
इसी बीच शनिवार को पश्चिम बंगाल सीआईडी द्वारा एक कथित फर्जी हस्ताक्षर मामले में अभिषेक बनर्जी को समन जारी किए जाने की खबर भी सामने आई। उन्हें आगामी सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।




































