RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दरिंदों ने पति को बंधक बनाकर उसकी पत्नी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। कोतवाली थाना क्षेत्र के कोतरा रोड इलाके में हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच में से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

जानकारी के अनुसार, एक श्रमिक दंपति शनिवार रात करीब 11 बजे घरेलू सामान लेने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान ऑटो में सवार कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने महिला को जबरन सड़क किनारे स्थित दुकान के भीतर खींचने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पति की पिटाई कर बनाया बंधक
महिला को बचाने पहुंचे पति पर आरोपियों ने बेरहमी से हमला कर दिया। उसे लात-घूसों से पीटकर घायल किया गया और जबरन दूर ले जाकर बंधक बना लिया गया। इसके बाद तीन आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

वारदात के बाद फरार, पुलिस ने दबोचे आरोपी
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर टीम गठित की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर चार आरोपियों—मुन्ना गिरी, दीपक सिदार, जागेश्वर पटेल और पिंटू निषाद—को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल ऑटो भी जब्त कर लिया गया है।

एक आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी योगेश सिदार अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(1) और 115 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





































