KERAL NEWS. पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। दिग्गज नेताओं ने एक-दूसरे पर आरोपों की झड़ी लगा दी है। केरल के कन्नूर में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एलडीएफ (LDF) के बीच गुप्त साठगांठ का दावा कर हलचल मचा दी है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि केरल चुनाव को लेकर भाजपा और एलडीएफ के बीच एक ‘सीक्रेट डील’ हुई है। उन्होंने सबरीमाला मंदिर का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि मंदिर में बड़े पैमाने पर चोरियां हुई हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से इस पर एक शब्द भी नहीं कहा गया। उन्होंने इसे दोनों दलों के बीच हुई सौदेबाजी का प्रत्यक्ष प्रमाण बताया।

कांग्रेस गाती है पाकिस्तान की धुन: प्रधानमंत्री
दूसरी ओर, असम के बरपेटा पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला। पीएम ने कहा कि कांग्रेस वही गीत गाती है जिसे पाकिस्तान ने लिखा है और जिसकी धुन भी वहीं तैयार की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं का ‘पाकिस्तान कनेक्शन’ हमेशा देश की सुरक्षा और हितों पर भारी पड़ता है। प्रधानमंत्री आज असम में तीन रैलियों को संबोधित कर रहे हैं।

पुडुचेरी में राहुल गांधी के बड़े वादे
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पुडुचेरी के लॉस्पेट में स्थानीय सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार सभी कॉन्ट्रैक्ट्स पर 30% कमीशन ले रही है और मंदिर की जमीनों पर भी कब्जा किया जा रहा है। राहुल गांधी ने चुनावी घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर

-बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹2,000 की आर्थिक मदद दी जाएगी।
-महिलाओं के लिए फ्री बस सर्विस की सुविधा शुरू की जाएगी।
चुनाव प्रचार के इस दौर में इन बयानों ने राजनीतिक माहौल को और अधिक गर्मा दिया है। सभी दलों की नजरें अब मतदाताओं के अगले रुख पर टिकी हैं।





































