GARIYABAND NEWS.भीषण गर्मी के बीच जनगणना कार्य में जुटे प्रगणकों की सेहत का ध्यान रखते हुए प्रशासन ने अनोखी पहल की। देवभोग तहसील में फील्ड प्रैक्टिकल पर निकलने से पहले तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने प्रगणकों को लू से बचाव के लिए प्याज और सफेद तौलिया भेंट किए। भीषण गर्मी के बीच प्रशासन की यह छोटी लेकिन संवेदनशील पहल न सिर्फ प्रगणकों के स्वास्थ्य के लिए सहायक साबित हो रही है, बल्कि इससे उनका मनोबल भी बढ़ा है, जो जनगणना जैसे बड़े अभियान की सफलता के लिए जरूरी है।

जनगणना 2027 से पहले 1 से 30 मई तक प्रस्तावित मकान सूचीकरण और डिजिटल डेटा कलेक्शन के लिए दूसरे चरण का फील्ड प्रैक्टिकल आयोजित किया गया। इसके दौरान घोघर और लाटापारा गांवों में 50-50 प्रगणकों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया। फील्ड में रवाना होने से पहले प्रगणकों को नाश्ता कराया गया, जबकि लौटने पर डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए नींबू शरबत की व्यवस्था की गई।

इस पहल में जनगणना प्रभारी विजय कश्यप, मास्टर ट्रेनर सुशील अवस्थी और गिरीश चंद्र बेहेरा भी शामिल रहे। तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि जनगणना अभियान जितना महत्वपूर्ण है, उससे जुड़े कर्मचारी भी उतने ही अहम हैं। 43 डिग्री तापमान में काम करते समय उनकी सेहत सुरक्षित रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है।

मई महीने भर चलने वाले अभियान में भी इसी तरह की व्यवस्थाएं जारी रहेंगी। निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार, प्रगणकों को पूरे अभियान के लिए 25 हजार रुपये अतिरिक्त मानदेय मिलेगा, जबकि प्रशिक्षण अवधि में प्रतिदिन 400 रुपये दिए जाएंगे।

डिजिटल सर्वे के लिए एंड्रॉयड 12 वर्जन अनिवार्य किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर 1,000 रुपये जुर्माना और गंभीर मामलों में अधिकतम 3 साल तक की सजा का प्रावधान भी रखा गया है।




































