RAIPUR NEWS. देशव्यापी जनगणना अभियान आज से रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया के तहत हजारों कर्मचारी अब सीधे घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पूरी तरह सही और स्पष्ट जानकारी दें, लेकिन किसी भी स्थिति में बैंकिंग या वित्तीय जानकारी साझा न करें। जनगणना के लिए अब ऑनलाइन जानकारी देने का समय खत्म हो गया है। इसलिए अब घरों में आने वाले कर्मचारियों को ही सही और स्पष्ट जानकारी देनी होगी।

घरों से जानकारी लेने का समय 30 मई तक तय किया गया है। इसलिए तय समय में हर हाल में लोगों को अपने घरों की जानकारी देनी होगी ताकि उसकी इंट्री ऑनलाइन की जा सके। जिन लोगों ने पहले ऑनलाइन जानकारी जमा कर दी है उन्हें केवल जनरेट हुई आईडी नंबर ही देना है। कर्मचारी इस नंबर के आधार पर ही उनका सत्यापन कर देंगे।

रायपुर जिले में 5 हजार से अधिक प्रगणक (एन्यूमरेटर) तैनात किए गए हैं। सभी के मोबाइल डिवाइस में विशेष एप इंस्टॉल है, जिसके जरिए लोगों द्वारा दी गई जानकारी सीधे ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। यह प्रक्रिया 30 मई तक चलेगी। प्रशासन ने साफ किया है कि जनगणना के दौरान कोई भी कर्मचारी बैंक खाता या पासबुक डिटेल, ओटीपी (OTP), एटीएम/डेबिट कार्ड नंबर, नेट बैंकिंग से जुड़ी जानकारी मांगता है तो तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

जिन लोगों ने पहले ही ऑनलाइन जानकारी सबमिट कर दी है, उन्हें केवल अपनी जनरेट हुई ID बतानी होगी। उसी के आधार पर कर्मचारी सत्यापन करेंगे। गर्मी की छुट्टियों के कारण कई परिवार बाहर हो सकते हैं। ऐसे में यदि घर बंद मिलता है, तो कर्मचारी दोबारा और जरूरत पड़ने पर तीसरी बार भी आएंगे। बाहर जाने वाले लोग अपने पड़ोसियों को जानकारी देकर जाएं ताकि सही सूचना मिल सके।

राज्यभर में अब तक 1.37 लाख से ज्यादा लोगों ने ऑनलाइन जानकारी दी है, लेकिन यह संख्या कुल आबादी के मुकाबले कम मानी जा रही है। अब ऑनलाइन विकल्प बंद हो चुका है, इसलिए घर पर ही जानकारी देना अनिवार्य होगा। भीषण गर्मी और हीट वेव के चलते जनगणना कार्य में लगे कर्मचारी और शिक्षक चिंता जता रहे हैं। उनका कहना है कि दोपहर की तेज धूप में काम करना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने सुरक्षा किट और बीमा की मांग भी उठाई है।




































