KAWARDHA NEWS. कवर्धा जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक दंपति अपने ही घर में मृत पाए गए। घटना की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।

मृतकों की पहचान रामलाल चंद्रवंशी और रीना चंद्रवंशी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पहले से शादीशुदा थे, लेकिन करीब चार साल पहले उन्होंने घर से भागकर आपस में विवाह कर लिया था और तब से साथ रह रहे थे।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के शव घर के अंदर लटके हुए पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल इस घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।




































