
मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर लगभग 2 बजे की है जब हाइवा पचपेड़ी से जोंधरा की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक लापरवाही पूर्वक वाहन चला रहा था। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पास ही से गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
मृतक मासूम सतीश शुक्ला के पिता सुरेश शुक्ला मूलतः उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के निवासी हैं। बताया जा रहा है कि बच्चा शनिवार को ही अपने बड़े पिता के घर आया था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मस्तूरी-जोंधरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

प्रशासन ने दी तात्कालिक सहायता
मौके पर पहुंचे पचपेड़ी थाना प्रभारी राज सिंह, तहसीलदार नीलम पिस्दा और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति पर काबू पाया। शासन की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की गई, जिसमें से 8 हजार रुपये मौके पर ही प्रदान किए गए। प्रशासन ने दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने और शव को पोस्टमार्टम के बाद गृहग्राम भेजने का आश्वासन भी दिया है।

तहसीलदार नीलम पिस्दा, एसडीओपी लाल चंद मोहले, मस्तूरी थाना प्रभारी कृष्णचन्द्र सिदार, और मल्हार चौकी प्रभारी अवधेश सिंह सहित अन्य अधिकारी तैनात रहे। पूरे क्षेत्र में वर्तमान में शोक और तनाव का माहौल है।



































