DHAMTARI NEWS. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में ऑनलाइन ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिरा में रहने वाले भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एक रिटायर्ड कर्मचारी से शातिर ठगों ने करीब 1 करोड़ रुपये की ठगी की है। ठगों ने बुजुर्ग को 15 लाख रुपये की कार लॉटरी में जीतने का झांसा दिया था।

पीड़ित कमलेश ठाकुर (66 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह शुगर और अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। जुलाई 2022 में उन्होंने टीवी पर आयुर्वेदिक दवा का विज्ञापन देखकर कोयंबटूर की एक कंपनी से ऑनलाइन दवा मंगवाई थी। इसके कुछ समय बाद ही उन्हें अज्ञात नंबरों से फोन आने लगे और ठगी का यह सिलसिला शुरू हो गया।

3 साल तक चलती रही ठगी
ठगों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि उनकी 15 लाख रुपये की कार की लॉटरी निकली है। कार भेजने के लिए ‘प्रोसेसिंग चार्ज’ और ‘टैक्स’ के नाम पर बार-बार पैसे मांगे गए। झांसा यह भी दिया गया कि यदि वे कार नहीं लेना चाहते, तो पैसा जमा रहने पर उन्हें अन्य बैंकों से अधिक ब्याज मिलेगा। लालच में आकर बुजुर्ग ने साल 2022 से 2025 के बीच अलग-अलग किस्तों में करीब 80 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, जबकि शेष राशि का हिसाब उन्हें याद नहीं है।

घरवालों को पता चलने पर दर्ज हुई FIR
जब पीड़ित के परिवार को इस भारी वित्तीय नुकसान की भनक लगी, तो मामले का खुलासा हुआ। परिजनों ने तत्काल भखारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। CSP अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित के साथ 3 साल तक ठगी का खेल चलता रहा। ठगों ने लॉटरी के लालच में फंसाकर उनसे करीब 80 लाख से अधिक की राशि वसूल ली है। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन या लॉटरी के झांसे में न आएं। अज्ञात कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या पैसे साझा न करें और ऐसी ऑनलाइन ठगी से सावधान रहें।




































