BILASPUR NEWS. एक तरफ जहां पूरा प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है, वहीं रेलवे द्वारा ट्रेनों के निरस्तीकरण ने आम यात्रियों की परेशानी और बढ़ा दी है। बिलासपुर जोन में तीसरी और चौथी लाइन बिछाने के काम के साथ ही अब रायपुर मंडल के निपनिया-भाटापारा सेक्शन में अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है।


इस महत्वपूर्ण कार्य के चलते आगामी17 और 19 अप्रैल को बिलासपुर और रायपुर के बीच चलने वाली चार प्रमुख मेमू (MEMU) ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के लिए यह निर्माण आवश्यक है, जिसके लिए विशेष ब्लॉक लिया जा रहा है।
हालांकि, अचानक हुए इस फैसले से 17 और 19 अप्रैल को सफर करने वाले हजारों यात्रियों को बसों या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे स्टेशन निकलने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) पर अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।


रद्द ट्रेनों की सूची:
- 68728: रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर (17 व 19 अप्रैल)।
- 68719: बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर (17 व 19 अप्रैल)।
- 68861/68862: गोंदिया-झारसुगुड़ा-गोंदिया पैसेंजर (17 व 19 अप्रैल)।





































