BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGU) की 20 वर्षीय लॉ छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कोनी थाना क्षेत्र स्थित रिवर व्यू कॉलोनी की है। प्रारंभिक जांच में शादी के लिए परिजनों द्वारा बनाए जा रहे दबाव और पिता की फटकार को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है।

मूल रूप से रायगढ़ निवासी दृष्टि गुप्ता (20 वर्ष) गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में लॉ सेकंड ईयर की छात्रा थी। वह पिछले दो वर्षों से कोनी क्षेत्र के रिवर व्यू कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। सोमवार (13 अप्रैल) को कॉलेज से लौटने के बाद उसने परिजनों से फोन पर बात की और देर शाम दोस्तों के साथ बाहर गई थी। मंगलवार (14 अप्रैल) की सुबह घर लौटने के बाद उसकी अपने पिता से फोन पर बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि पढ़ाई को लेकर पिता ने उसे फटकार लगाई, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हो गई।

कमरे में बंद मिली छात्रा
फोन पर हुई बातचीत के बाद छात्रा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर साथ में रहने वाली छात्राओं को संदेह हुआ। आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने मकान मालिक और कोनी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा, जहां छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

जांच में सामने आए कारण
कोनी थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि छात्रा पर परिजनों द्वारा शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जबकि वह अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहती थी।
साथ ही, परिजनों ने बताया कि छात्रा का स्वभाव थोड़ा संवेदनशील था और पिता की फटकार के बाद उसने आवेश में आकर यह कदम उठा लिया।

मामले की जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। फिलहाल सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आसपास के लोगों तथा परिजनों से पूछताछ जारी है।
प्रथम दृष्टया यह मामला मानसिक तनाव और पारिवारिक दबाव से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।




































