BILASPUR NEWS. शहर के सूने मकानों को निशाना बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात, वाहन और अन्य कीमती सामान समेत कुल 45 लाख 84 हजार 500 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सूरज काछी (30 वर्ष), मूलतः गौरेला का निवासी है, जो पिछले कुछ समय से बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी दिन में एसी और इलेक्ट्रॉनिक सामान सुधारने के बहाने कॉलोनियों में घूमता था और बंद पड़े मकानों की पहचान करता था। रात में वह उन्हीं मकानों का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

ऑनलाइन सट्टे की लत ने धकेला अपराध की ओर
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के जेवरों को वह ज्वैलर्स के पास बेच देता था या गोल्ड लोन कंपनियों में गिरवी रख देता था। इन पैसों को वह ऑनलाइन सट्टे में गंवा देता था। सट्टे में हुए नुकसान और बढ़ते कर्ज के चलते उसने लगातार चोरी करना शुरू कर दिया। पुलिस से बचने के लिए वह हर वारदात में कपड़े बदलता था और अलग-अलग वाहनों का उपयोग करता था।

1000 से ज्यादा CCTV फुटेज से मिली सफलता
मामले की जांच में पुलिस ने करीब एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साइबर सेल की मदद से संदिग्ध की पहचान कर 27 अप्रैल 2026 को घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद सामान
सोना: 252 ग्राम
चांदी: लगभग 1 किलोग्राम
वाहन: एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल
अन्य सामान: घरेलू कीमती वस्तुएं

इस बड़ी कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने टीम की सराहना करते हुए शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।





































