KOLKATA NEWS. पश्चिम बंगाल के चुनावी दंगल में जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर जारी है। भाजपा नेता शुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि राज्य में जानबूझकर ‘अरबी संस्कृति’ को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि इससे बंगाल की सनातन विरासत कमजोर हो रही है। शुवेंदु ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा बंगाल को ‘बंगाली हिंदुओं की मातृभूमि’ के रूप में सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

ममता का ‘दिल्ली के जमींदारों’ पर प्रहार
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर पलटवार करते हुए मतदाताओं से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘दिल्ली का जमींदार’ करार दिया। ममता ने कहा कि दिल्ली के ये जमींदार लोगों के मतदान का अधिकार छीनने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका जवाब मतदाताओं को अपने वोट की ताकत से देना चाहिए।

घुसपैठ और सुरक्षा पर शाह का बड़ा बयान
कूचबिहार में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने घुसपैठ का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट से घुसपैठियों के नाम हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही उन्हें देश की सीमा से बाहर किया जाएगा।

शाह ने एक बड़ा वादा करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार आने के मात्र 45 दिनों के भीतर सीमा पर फेंसिंग (बाड़ लगाने) का काम पूरा कर लिया जाएगा ताकि अवैध घुसपैठ पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।




































