KORBA NEWS. कोरबा जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक आरक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया है। आरोपी आरक्षक का नाम दीप नारायण त्रिपाठी बताया जा रहा है, जो वर्तमान में बांगो थाने में पदस्थ है। इस मामले में सिविल लाइन थाना में पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।


लगातार अनुचित व्यवहार से परेशान होकर महिला ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार, आरोपी आरक्षक पर अपने ही दोस्त की पत्नी के साथ लगातार छेड़छाड़ करने का आरोप है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि आरोपी उसके साथ अनुचित व्यवहार करता था और कई बार आपत्तिजनक हरकतें कर चुका था। लगातार परेशान होने के बाद महिला ने आखिरकार पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लिया, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया।


मामला सामने आते ही विभाग में हलचल
घटना के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एक ओर जहां आरोपी स्वयं पुलिस विभाग में पदस्थ है, वहीं उस पर इस तरह के गंभीर आरोप लगने से विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






































