RAIPUR NEWS. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग (NI) कार्य के कारण पहले निरस्त और आंशिक रूप से निरस्त की गई कई यात्री ट्रेनों का संचालन अब पुनः बहाल कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों को चरणबद्ध तरीके से रिस्टोर करने का निर्णय लिया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल 2026 के दौरान विभिन्न मेमू और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन अपने निर्धारित समयानुसार फिर से शुरू किया जाएगा। इनमें रायगढ़–बिलासपुर, बिलासपुर–रायगढ़, रायपुर–गेवरारोड, कोरबा–रायपुर और बिलासपुर–कोरबा रूट की कई महत्वपूर्ण लोकल ट्रेनें शामिल हैं, जो रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख साधन हैं।

इसके अलावा, पहले शॉर्ट टर्मिनेटेड/ओरिजिनेटेड की गई गोंदिया–झारसुगुड़ा और झारसुगुड़ा–गोंदिया मेमू ट्रेनों को भी 10 से 11 अप्रैल तक पूरी दूरी के लिए पुनः बहाल कर दिया गया है।

रेलवे ने यह भी जानकारी दी है कि 10 और 11 अप्रैल 2026 को कोरबा–रायपुर–कोरबा के बीच चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस (18250/18249 और 18252/18251) एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अधिकृत रेलवे पूछताछ सेवा NTES/139 के माध्यम से ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।





































