Madhya Pradesh News: दतिया/शिवपुरी। मध्य प्रदेश में एक बार फिर विधायक परिवार की दबंगई का मामला सामने आया है। भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार कार से पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी ने माफी मांगने की बजाय पीड़ितों से बहस शुरू कर दी और उन पर ही आरोप लगाने लगा।

मामला दतिया जिले के करैरा थाना क्षेत्र का है। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे संहेड़ा गांव के रहने वाले संजय परिहार अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ बाइक पर मजदूरी करने थनरा गांव जा रहे थे। उनके आगे सीता वर्मा और पूजा सोनी पैदल चल रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार थार कार ने उन पर टक्कर मार दी। हादसे में सभी पांच लोग थार के नीचे कुचल गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।

आरोपी की दबंगई, हॉर्न बजाने का दिया बहाना
टक्कर मारने के बाद दिनेश लोधी ने पीड़ितों से माफी मांगने की बजाय उनसे बहस शुरू कर दी। वह कहने लगा कि उसने हॉर्न और सायरन दोनों बजाया था, फिर भी वे लोग सड़क से क्यों नहीं हटे। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी की इस दबंगई का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है। वीडियो में दिनेश लोधी पीड़ितों से बहस करते साफ दिखाई दे रहे हैं।घायलों ने बताया कि थार कार के आगे “प्रीतम लोधी” और पीछे “MLA” लिखा हुआ था, जिससे गाड़ी की पहचान आसानी से हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, कार्रवाई शुरू
पीड़ित संजय परिहार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दिनेश लोधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।
विधायक ने पुलिस से कहा- कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई हो
खुद विधायक लोधी ने अपने बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। विधायक का कहना है कि कानून तोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, फिर चाहे वह मेरा ही बेटा क्यों न हो।




































