BILASPUR NEWS. शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक जिंदगी छीन ली। सकरी थाना क्षेत्र के संबलपुरी ओवरब्रिज पर रविवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद ट्रेलर आग का गोला बन गया और चालक को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

जानकारी के मुताबिक, कोयले से भरा ट्रेलर बिलासपुर से रायपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रेलर से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर के तुरंत बाद एक ट्रेलर में आग लग गई, जिसने कुछ ही पलों में विकराल रूप ले लिया। चालक वाहन में ही फंस गया और जिंदा जल गया।

इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ओवरब्रिज पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही देखने को मिलती है, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान बिहार निवासी अरविंद भारद्वाज के रूप में हुई है।
सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी ने बताया कि प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आ रही है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी का खामियाजा भी है, जो एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला घाव बन गया।






































