छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। मामला नारायणपुर क्षेत्र के पस्ता गांव का है, जहां चोरी के शक में एक युवक को भीड़ ने बर्बरता का शिकार बना दिया।
जानकारी के मुताबिक, गांव के कुछ लोगों ने युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसे पकड़ लिया। बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के उसके साथ मारपीट की गई और उसे गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि युवक के कपड़े उतरवाए गए, उसका आधा सिर मुंडवा दिया गया और गले में चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया।
घटना को और भी गंभीर तब बना दिया गया, जब इस दौरान युवक की पत्नी को भी जबरन उसके साथ जुलूस में शामिल किया गया। इस अमानवीय कृत्य के दौरान गांव के कई लोग मौजूद थे, जिनमें सरपंच का पति भी शामिल बताया जा रहा है, लेकिन किसी ने भी इसे रोकने की कोशिश नहीं की।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब चर्चा में है और मामले को और तूल दे रहा हैं 
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



































