BILASPUR NEWS. शहर में चल रहे बेतरतीब निर्माण कार्यों और उससे उड़ने वाली धूल ने स्थानीय निवासियों के सब्र का बांध तोड़ दिया है। आज सुबह देवरीखुर्द मोड़ पर धूल की समस्या से त्रस्त नागरिकों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे घंटों यातायात बाधित रहा।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नेहरू चौक से दर्रीघाट तक लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा सड़क निर्माण का कार्य अत्यंत धीमी गति से किया जा रहा है। इसी के साथ नगर निगम द्वारा देवरीखुर्द और पुराने पावर हाउस के पास पाइपलाइन बिछाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। एक साथ चल रहे इन अव्यवस्थित कार्यों के कारण क्षेत्र में धूल का भारी गुबार उड़ रहा है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर पानी का छिड़काव भी नहीं किया जा रहा है।

कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभयनारायण राय सहित अन्य जन प्रतिनिधि और भारी संख्या में नागरिक मौके पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि जब तक धूल रोकने के पुख्ता इंतजाम और काम में तेजी नहीं लाई जाती, वे पीछे नहीं हटेंगे।

प्रशासनिक दखल और आश्वासन
स्थिति को बिगड़ता देख तहसीलदार प्रकाश साहू और सीएसपी गगन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पीडब्ल्यूडी के एसडीओ आदित्य ग्रोवर, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता अनुपम तिवारी और जोन कमिश्नर विभा सिंह ने भी आंदोलनकारियों से चर्चा की।

अधिकारियों ने जनता को आश्वासन दिए
निर्माण कार्य के दौरान सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाएगा।एक हफ्ते के भीतर लालखदान ओवरब्रिज से पावर हाउस चौक तक पहले एक ओर की और फिर दूसरी ओर की सड़क का निर्माण व्यवस्थित तरीके से पूर्ण किया जाएगा।

प्रशासनिक आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12 बजे प्रदर्शनकारियों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। हालांकि, नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर स्थिति नहीं सुधरी, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।




































