रायपुर। राजधानी में मानवता और त्वरित पुलिस कार्रवाई की एक शानदार मिसाल सामने आई है। किडनी ट्रांसप्लांट के मरीज की जान बचाने के लिए पुलिस ने मात्र 15 मिनट में ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को एम्स से श्री बालाजी अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, AIIMS रायपुर के डॉक्टर वरुण ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि एक मरीज के किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एंबुलेंस को तुरंत बालाजी अस्पताल पहुंचाना है। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाने के निर्देश दे दिए।

15 मिनट में एम्स से पहुंचा बालाजी अस्पताल
यातायात पुलिस की टीम ने एम्स से बालाजी अस्पताल तक का पूरा रास्ता खाली कर निर्बाध मार्ग तैयार किया। एंबुलेंस दोपहर 2:02 बजे AIIMS से रवाना हुई और GE रोड, मोहबाबाजार, आमापारा, अग्रसेन चौक, तेलघानी नाका, स्टेशन चौक, एक्सप्रेसवे व पंडरी ब्रिज होते हुए ठीक 2:17 बजे बालाजी अस्पताल पहुंच गई।

मरीज श्रद्धा प्रजापति (39 वर्ष), निवासी पेंड्रा और डोनर सुनील कुमार (39 वर्ष), निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) हैं। ट्रैफिक पुलिस के बेहतरीन समन्वय और तेज कार्रवाई की वजह से एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के समय पर अस्पताल पहुंच सकी, जिससे मरीज की जान बचाने में मदद मिली।






































