राजस्थान की स्वर्ण नगरी जैसलमेर में पुलिस ने एक बेहद शातिर और अनोखे चोर को गिरफ्तार किया है, जिसकी करतूतें सुनकर हर कोई हैरान है। यह चोर सिर्फ कीमती सामान ही नहीं चुराता था, बल्कि चोरी के बाद मौके पर घंटों रुककर आराम से खाना खाता और दीवारों पर तंज भरे संदेश लिखकर चला जाता था। खुद को ‘बिहारी बाबू’ बताने वाले इस आरोपी ने एक इंजीनियर के घर चोरी करने के बाद लिपस्टिक से ऐसा मैसेज लिखा, जो चर्चा का विषय बन गया।

घटना 31 जनवरी की रात की है, जब जैसलमेर की आईजीएनपी कॉलोनी में सहायक अभियंता सोहन जांगिड़ के सरकारी आवास को निशाना बनाया गया। चोर ने घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, टीवी, परफ्यूम और ब्रांडेड कपड़े चुरा लिए। लेकिन जब मकान मालिक और पुलिस मौके पर पहुंचे, तो दीवार पर लिखा संदेश देखकर चौंक गए।

चोर ने घर में रखी लिपस्टिक से बड़े अक्षरों में लिखा—“घर में दारू रख रहे हो तो साथ में आलू चिप्स भी रखा करो।” इतना ही नहीं, उसने पुलिस को चुनौती देते हुए यह भी लिख दिया—“थाने में शिकायत करोगे तो वक्त बर्बाद होगा, रिपोर्ट मत करना।”

इस चुनौती को पुलिस ने गंभीरता से लिया और करीब तीन महीने की जांच के बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। कोतवाली थाना प्रभारी सुरजाराम के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से जोधपुर में दबिश देकर 39 वर्षीय तेजाराम सुथार को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी किया गया लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।
पहले से 18 चोरी के मामले दर्ज
पूछताछ में आरोपी के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। वह चोरी करने के बाद तुरंत भागता नहीं था, बल्कि 2-3 घंटे तक घर में रुककर आराम करता, फ्रिज से खाना निकालकर खाता और वहीं के परफ्यूम व कपड़े इस्तेमाल करता था। उसके खिलाफ पहले से 18 चोरी के मामले दर्ज हैं। खास बात यह है कि वह कोर्ट में भी अपना जुर्म आसानी से कबूल कर लेता है और सजा पूरी होने के बाद फिर से चोरी की वारदात को अंजाम देता है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य चोरियों से जुड़े सामान की बरामदगी में जुटी है। वहीं ‘बिहारी बाबू’ के नाम से मशहूर इस चोर की अजीब हरकतें और उसका लिखा संदेश पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

































