BHILAI – DURG NEWS. खुद को रसूखदार बताकर और राष्ट्रीय नेताओं के साथ फोटो दिखाकर डराने वाले गुरमीत सिंह वाधवा के खिलाफ एक और FIR दर्ज हो गई है। पहले SBS हॉस्पिटल के प्रबंधक द्वारा 5 लाख की फिरौती मांगने का मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद अब भिलाई के सुपेला थाने में गंभीर धाराओं के तहत दूसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी पर स्पर्श अस्पताल के प्रबंधन को डराने, मां-बेटी की गाली देने और 20 लाख रुपये की अवैध उगाही करने का सनसनीखेज आरोप लगा है।

रसूख और फर्जी पहचान का खेल
शिकायत के अनुसार, यह मामला नवंबर 2025 में शुरू हुआ जब आरोपी गुरमीत वाधवा स्पर्श अस्पताल पहुंचा। उसने खुद को ‘फोर्ब्स मैग्जीन’ का मैनेजिंग एडिटर और अपनी बेटी को ‘बीबीसी’ की रिपोर्टर बताया। उसने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर यह दावा किया कि सरकार ने उसे छत्तीसगढ़ के अस्पतालों की जांच के लिए अधिकृत किया है।

‘अस्पताल में ताला लगवा दूंगा’
आरोपी ने अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट, पर्यावरण नियमों और बिल्डिंग निर्माण में कमियां निकालकर प्रबंधन को डराना शुरू किया। उसने धमकी दी कि यदि उसे 20 लाख रुपये नहीं दिए गए, तो वह अपने रसूख का इस्तेमाल कर अस्पताल की पार्किंग बंद करवा देगा और अंततः पूरे अस्पताल पर ताला लगवा देगा।

गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि 5 जनवरी 2026 को गुरमीत अस्पताल के केबिन में घुसा और स्टाफ के सामने गाली-गलौज की। उसने चिल्लाकर कहा, “सारे आईएएस अधिकारी मुझसे डरते हैं, मैंने कितनों को बर्बाद किया है।” अगले दिन 6 जनवरी को उसने मोबाइल नंबर 9399279138 और 9424122193 से कॉल कर पुनः जान से मारने की धमकी दी।

आरटीआई और मीडिया का दुरुपयोग
गुरमीत ने अस्पताल पर दबाव बनाने के लिए विभिन्न सरकारी विभागों में झूठी शिकायतें दर्ज कराईं और उन पर आरटीआई (RTI) लगाकर जांच अधिकारियों को अस्पताल भेजा। साथ ही, उसने अस्पताल को बदनाम करने की नीयत से यूट्यूब चैनलों पर इंटरव्यू भी दिए।

पुलिस कार्रवाई
अस्पताल के कर्मचारियों के बयान और डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस ने गुरमीत वाधवा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और छत्तीसगढ़ चिकित्सा सेवक एवं चिकित्सा सेवा संस्थान अधिनियम 2010 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन फर्जी दस्तावेजों की जांच कर रही है जिनके आधार पर वह खुद को फोर्ब्स का संपादक बता रहा था।




































