राजस्थान के कोटा से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने शादी से ठीक पहले अपने ही मंगेतर की सुपारी देकर हत्या करवा दी। दोनों की शादी 1 मई को तय थी और परिवार में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन युवती इस रिश्ते से खुश नहीं थी और शादी नहीं करना चाहती थी।
जानकारी के मुताबिक, अयाना थाना क्षेत्र के दौलतपुरा निवासी 25 वर्षीय धर्मेंद्र सेन की सगाई मुंगेना निवासी जोधराज सेन की बेटी दीक्षा से करीब दो साल पहले हुई थी। शादी बार-बार टल रही थी, लेकिन आखिरकार 27 अप्रैल को लग्न और 1 मई को विवाह की तारीख तय हुई।
बुधवार को धर्मेंद्र अपनी मंगेतर, होने वाले ससुर और साले के साथ इटावा खरीदारी करने गया था। लौटते वक्त जलेश्वर महादेव क्षेत्र के पास रास्ते में बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे रोककर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को पहले इटावा अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर कोटा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिजनों ने साजिश का शक जताया और गुस्साए ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे-70 पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे डीएसपी ओमप्रकाश सरावगी ने लोगों को शांत कर जांच का भरोसा दिलाया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सामने आया कि युवती ने शादी से आठ दिन पहले ही मंगेतर के हाथ-पैर तुड़वाने के लिए बदमाशों को 10 हजार रुपये की सुपारी दी थी, ताकि शादी टल जाए। लेकिन हमले में धर्मेंद्र की जान चली गई।
जांच में यह भी सामने आया कि इस साजिश में युवती अकेली नहीं थी, बल्कि उसके पिता और भाई भी शामिल थे। पुलिस ने मामले में दीक्षा, उसके पिता जोधराज सेन, मुकुट गुर्जर और धर्मेंद्र मीणा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग समेत अन्य आरोपी की तलाश जारी है।



































