BILASPUR NEWS. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक एसी रिपेयरिंग दुकान में हुए भीषण धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। तैयबा चौक स्थित ‘परफेक्ट सॉल्यूशन’ नाम की दुकान में एसी कंप्रेसर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिसकी चपेट में आकर दो सगे भाई बुरी तरह झुलस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:40 बजे दुकान संचालक आरिफ मिर्जा और उनके भाई शब्बीर मिर्जा उर्फ पप्पू एसी की मरम्मत और गैस भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कंप्रेसर में तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि आसपास की दुकानों तक आवाज गूंज उठी और लोग घबराकर मौके की ओर दौड़ पड़े।

हालत गंभीर, बर्न अस्पताल रेफर
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए बर्न अस्पताल रेफर कर दिया है। दोनों भाई फिलहाल गंभीर स्थिति में हैं और बयान देने की हालत में नहीं हैं।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के दुकानदारों और चश्मदीदों के बयान दर्ज कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों में लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

इलाके में दहशत का माहौल
धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ देर तक लोग दहशत में रहे। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।





































