KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से मित्रता को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक युवक ने शराब की लत को पूरा करने के लिए अपने ही दोस्त की मोटरसाइकिल बेच दी। इस बात से नाराज दोस्त ने युवक को बीच सड़क पर निर्वस्त्र कर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। इस बर्बरता का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान अमरदास (36) के रूप में हुई है, जो कावेरी विहार क्षेत्र में रहता है। बताया जा रहा है कि 27 मार्च को अमरदास अपने दोस्त सरोज कुमार की बाइक लेकर निकला था, जिसे उसने शराब पीने के लिए कहीं बेच दिया। जब वह खाली हाथ लौटा और बाइक के बारे में पूछा गया, तो विवाद शुरू हो गया।


गुस्से में आपा खोए आरोपी सरोज कुमार ने अमरदास के कपड़े उतार दिए और उसे नग्न अवस्था में ही सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान पीड़ित का चेहरा और शरीर लहूलुहान हो गया। राहगीरों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि यह घटना 27 मार्च की है। शुरुआत में मारपीट की सामान्य शिकायत मिली थी, लेकिन अब बर्बरता का वीडियो सामने आने के बाद मामले में कड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।





































