JOB NEWS. सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेल मंत्रालय ने रेलवे में टेक्नीशियन के 6565 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इसके बाद रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) जल्द ही इस भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी करेगा। रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे और यूनिट्स को निर्देश दिए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर अपनी रिक्तियों का पूरा विवरण ऑनलाइन सिस्टम OIRMS पर अपलोड करें, ताकि केंद्रीय स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा सके।

इस भर्ती प्रक्रिया में वर्तमान रिक्तियों के साथ-साथ बैकलॉग पदों को भी शामिल किया जाएगा। सामान्य और दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के पदों के लिए एक ही कॉमन नोटिफिकेशन जारी होगा। इस पूरी प्रक्रिया में RRB Bengaluru का सहयोग लिया जाएगा। देशभर के अलग-अलग रेलवे जोन में कुल 6565 पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें प्रमुख रूप से दक्षिण रेलवे (785), पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (701), मध्य रेलवे (870) और पश्चिम रेलवे (544) जैसे जोन में अधिक भर्तियां होंगी।

रेलवे ने टेक्नीशियन भर्ती के साथ-साथ असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के 11127 पदों पर भर्ती का ऐलान भी किया है। CEN No. 01/2026 के तहत इसका नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू होकर 14 जून 2026 तक चलेगी। इच्छुक उम्मीदवार RRB की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

जानिए क्या होगी योग्यता
टेक्नीशियन पदों के लिए अभ्यर्थियों के पास निम्न योग्यता होना जरूरी है:
मान्यता प्राप्त संस्थान से बीई/बीटेक, इंजीनियरिंग डिप्लोमा या बीएससी
टेक्नीशियन ग्रेड-III के लिए संबंधित ट्रेड में ITI के साथ 10वीं पास या PCM से 12वीं
(अंतिम योग्यता का विवरण आधिकारिक नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया जाएगा)

आयु सीमा
टेक्नीशियन ग्रेड-I (सिग्नल): 18 से 33 वर्ष
टेक्नीशियन ग्रेड-III: 18 से 30 वर्ष
आरक्षित वर्गों को नियमानुसार छूट मिलेगी



































