RAJNANDGAON NEWS. शहर के चिखली पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत शंकरपुर के पास पुलिस ने अवैध हथियार रखने और लोगों को डराने-धमकाने के आरोप में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल, दो कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक पिस्टल दिखाकर क्षेत्र में दहशत फैला रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम गठित कर घेराबंदी की गई और संदिग्धों को दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान अन्य साथियों की जानकारी मिलने पर अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम सिन्हा, दिगंबर साहू, सेवक कश्यप, गुंजेश वर्मा, विक्की देशमुख, जतिनदास मानिकपुरी और उमेश साहू शामिल हैं। ये सभी राजनांदगांव, दुर्ग और धमतरी जिलों के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या (धारा 302), हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित अन्य संगीन धाराएं शामिल हैं। इस मामले में 25 और 27 आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

हालांकि फिलहाल किसी संगठित गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।





































