JOB NEWS. भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती 2026 के तहत बड़ा अवसर सामने आया है। भारतीय थल सेना द्वारा जारी भर्ती प्रक्रिया के तहत 13 फरवरी 2026 से 01 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

सेना भर्ती कार्यालय रायपुर के अनुसार पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) का आयोजन संभावित रूप से 01 जून से 15 जून 2026 के बीच किया जाएगा। परीक्षा को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग ने अभ्यर्थियों की तैयारी को मजबूत करने के लिए विशेष पहल शुरू की है।

छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए पंजीकृत युवाओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा के लिए बेहतर तरीके से तैयार करना है, ताकि वे प्रतिस्पर्धा में आगे रह सकें।

जिला रोजगार अधिकारी, जशपुर ने सभी पात्र युवाओं से अपील की है कि वे इस भर्ती प्रक्रिया में अधिक से अधिक भाग लें और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क कोचिंग सुविधा का लाभ उठाएं। यह पहल न केवल युवाओं को भारतीय थल सेना में सेवा का अवसर देगी, बल्कि उन्हें अनुशासन, कौशल और सम्मानजनक करियर की दिशा में आगे बढ़ने में भी मदद करेगी।

ऐसे करें निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन
- सबसे पहले अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीयन करें
- इसके बाद रोजगार विभाग की वेबसाइट पर जाएं
- “अग्निवीर भर्ती 2026 फ्री कोचिंग” लिंक पर क्लिक करें
- ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरें
- ध्यान रहे: रोजगार कार्यालय में पंजीयन होना अनिवार्य है




































