SURAJPUR NEWS. सूरजपुर जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र द्वारा 10 अप्रैल 2026, शुक्रवार को शासकीय पॉलिटेकनिक कॉलेज, सूरजपुर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला सुबह 11:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा कुल 346 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती की जाएगी।

इस रोजगार मेले में कई प्रमुख नियोजक संस्थाएं हिस्सा लेंगी। सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विस, भिलाई द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, ट्रेनिंग ऑफिसर, मार्केटिंग मैनेजर और अकाउंटेंट सहित 53 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनकी तैनाती छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में होगी। वहीं, सीजी स्कोप स्किल फाउंडेशन, सूरजपुर द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर, रिसेप्शनिस्ट, कुक, वेट्रेस, सिक्योरिटी गार्ड और मास्टर ट्रेनर के 28 पदों पर स्थानीय भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्रा.लि., अंबिकापुर द्वारा फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के 15 पद, श्रमिन टैलेंट प्रा.लि., नोएडा द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 40 पद तथा वेदांता स्किल स्कूल, कोरबा द्वारा होटल मैनेजमेंट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, सिलाई मशीन ऑपरेटर और मोबाइल रिपेयरिंग टेक्नीशियन जैसे विभिन्न ट्रेडों में 120 पद उपलब्ध कराए जाएंगे।

साथ ही, एलआईसी अंबिकापुर द्वारा बीमा सखी के 40 पद और एबिस फूड्स एंड प्रोटींस प्रा.लि., राजनांदगांव द्वारा इलेक्ट्रीशियन अपरेंटिसशिप के 50 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना अनिवार्य होगा। केवल ऑनलाइन पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैम्प में शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक अंकसूची, निवास और जाति प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड की मूल प्रति और एक सेट छायाप्रति के साथ पासपोर्ट साइज की दो फोटो लानी होगी।

आयु सीमा सामान्यतः 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। यह आयोजन पूरी तरह निःशुल्क है और चयन प्रक्रिया के लिए संबंधित नियोजक संस्थाएं स्वयं जिम्मेदार होंगी। पंजीयन से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, सूरजपुर से संपर्क कर सकते हैं।




































