KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मोरगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत केंदई नेशनल हाईवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। झरने के पास दो कारों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 12 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। एक कार ऑल्टो-800 थी, जिसमें चार लोग सवार थे। इस वाहन में बैठे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी कार स्विफ्ट CG04 NR 2220 में सवार तीनों लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहनों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है।

मृतक-घायलों का विवरण
हादसे में जान गंवाने वालों में एक की पहचान धन सिंह यादव के रूप में हुई है। सभी मृतक व घायल कोरबा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में घायल पांच लोगों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।

एयरबैग खुले, फिर भी नहीं बची जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के एयरबैग खुल गए थे, बावजूद इसके दो लोगों की जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए।

पुलिस जांच में जुटी
मोरगा चौकी प्रभारी मंगतू राम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचित कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह से मामले की कानूनी प्रक्रिया और जांच जारी है।




































