BILASPUR. सिम्स की तरह ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की हालत जानने के लिए बिलासपुर कलेक्टर अवनीश शरण ने जिले भर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण के निर्देश एसडीएम को दिया। जिसके बाद से शहर व उसके आसपास के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण एसडीएम ने किया। जहां पहुंचने पर अव्यवस्था के साथ डॉक्टर व कर्मचारी भी गायब रहे।
बता दें, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सिम्स में फैली अव्यवस्था को लेकर फटकार लगाइ थी और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरूस्त करने के निर्देश जिला प्रशासन को दिए है। जिसके चलते जिले भर के स्वास्थ्य केन्द्रों में सुविधा अच्छी हो इसके लिए कलेक्टर ने एसडीएम हरिओम द्विवेदी को कहा। उन्होंने आदेशानुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया।

जिसमें सबसे पहले बिल्हा स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे। जहां पर उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था देखी और वहां पर मरीजों व ग्रामीणों के हित में इनमें और सुधार किये जाने के निर्देश दिए। मरीजों के साथ संवेदनशील और मानवतापूर्ण व्यवहार करने कहा। वहीं कोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में एसडीएम अमित सिन्हा ने रतनपुर व कोटा क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही ओपीडी पर्ची आनलाइन काटने के निर्देश दिए। वहीं तखतपुर क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण एसडीएम सूरज साहू व मस्तूरी क्षेत्र में एसडीएम बजरंग वर्मा ने निरीक्षण किया।

ड्यूटी से गायब कर्मचारियों को नोटिस
तखतपुर क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेन पहुंचे एसडीएम सूरज साहू ने ड्यूटी के दौरान गायब कर्मचारियों व डॉक्टर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए है।




































