RAIPUR. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री की केंद्रीय मंत्री ने जमकर प्रशंसा की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लिए गए निर्णय, फैसले की तारीफ की और प्रदेश सरकार के फैसलों को स्वागत योग्य बताया।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जमकर तारीफ की है। नितिन गड़करी ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की प्रशंसा की। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा कि ‘छत्तीसगढ़ के सरकारी विभागीय निर्माणों में गोबर से बने प्राकृतिक पेंट के इस्तेमाल का आग्रह करते हुए अधिकारियों को निर्देश देने के लिए मैं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का अभिनंदन करत हूं। उनका यह निर्णय सराहनीय और स्वागत योग्य है।’


नितिन गड़करी ने दूसरा ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में MSME मंत्री रहते हुए हमने इसकी शुरुआत की थी। प्राकृतिक पेंट का उपयोग न केवल पर्यावरण की रक्षा करेगा बल्कि किसानों को रोजगार का एक नया अवसर भी प्रदान करेगा, जिससे देश के किसानों को लाभ होगा।’


– गडकरी को मुख्यमंत्री बघेल ने बताया ‘कर्मयोगी’
इस पर नितिन गड़करी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा कि ‘सादर धन्यवाद! छत्तीसगढ़ की सरकार के इस कर्मयोग को एक “कर्मयोगी” ही समझ सकता है। सिर्फ बातों से नहीं, नेक इरादों से देश और प्रदेश दूसरों के लिए प्रेरणा बनते है। गोधन और श्रम का सम्मान गांधी का रास्ता है। हम उसी पर आगे पढ़ रहे हैं।’









































