RAIPUR. छत्तीसगढ़ से बड़ी खबर आ रही है। यहां IT की टीम ने दबिश दी है। आईटी की रेड कई शहर में पड़ी है। यहां राजधानी रायपुर से लेकर रायगढ़, कोरबा में आईटी के अधिकारी पहुंचे है। बताया जा रहा है कि कोयला, इस्पात और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। राजधानी में 60 से अधिक अधिकारियों की टीम पहुंची है।
सूत्रों के अनुसार रायगढ़ में एनआर इस्पात के मालिक संजय अग्रवाल के ठिकानों पर जांच की जा रही है। साथ ही यहां के ही गजानंद नगर में कोयला कारोबारी राकेश शर्मा के घर भी कार्रवाई जारी है। दूसरी ओर, आयकर की दूसरी टीम रायपुर में लॉ विस्टा सोसायटी में रामगोपाल अग्रवाल के घर टीम जांच कर रही है। रिंटू सिंह, जय अम्बे ट्रांसपोर्टर के मालिक जोगेन्दर के भाई के घर में भी टीम दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। हालांकि छापे में क्या मिला, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रायगढ़ में एक इस्पात के मालिक के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम पहुंची है। साथ ही गजानंद नगर स्थित कोयला कारोबारी के कुछ अन्य ठिकानों पर भी आईटी की टीम पहुंची है, जहां पूछताछ करने के साथ ही दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है।
राजधानी रायपुर में एक बड़ी सोसायटी में आईटी की टीम पहुंची है। आईटी की टीम प्रदेश के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही है। इसमें यहां से कई रसूखदारों से लेकर कारोबारी और उद्योगों से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे है।
गौरतलब है कि आईटी की टीम कुछ दिन पहले भी प्रदेश के कई ठिकानों पर दबिश दी थी। इसमें कई कारोबारियों से लेकर बड़े व्यावसायिकों से पूछताछ करने के साथ ही दस्तावेजों को खंगाला गया था।






































