BHILAI. दोस्त के बेटे-बहू और बेटी की मेहमाननवाजी से जो बुजुर्ग कुछ दिन पहले तक गदगद थे, आज वे खुद को कोस रहे हैं। बुजुर्ग को दोस्त के बेटे-बहू और बेटी की खातिरदारी की जो कीमत चुकानी पड़ी, उसे सुनकर आप चौंक जायेंगे। तीनों ने मिलकर बुजुर्ग के खाते से रुपये उड़ाते रहे और बेचारे अंकल को पता भी नहीं चला। आप जानकर हैरान हो जायेंगे कि उड़ाई गयी कुल राशि 20 लाख रुपये है।

मामला दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरई का है। यहां 06 नवंबर को बलराम साहू ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसके पिता शेष राम साहू के खाते से किसी ने करीब 18 से 20 लाख रुपये निकाल लिए हैं।

दरअसल शेष राम साहू छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी खेदामारा जामुल से 30 नवंबर 2021 में रिटायर हुए थे। उनके रिटायरमेंट का सारा पैसा भारतीय स्टेट बैंक सेक्टर-1 में जमा था। बलराम साहू ने बताया कि पिता शेषराम साहू की तबीयत खराब होने पर जब वह अपने पिता को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद एटीएम से पैसे निकालने गया, तो उसके पिता के खाते में 260 रुपये देखकर वह हैरान रह गया।

जब उसने बैंक में जाकर खाते के स्टेटमेंट की जांच कराई तो उसे नेट बैंकिंग के जरिए खाते से करीब 18 से 20 लाख रुपये धीरे-धीरे करके निकाले जाने की बात पता चली। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में पता चला कि शेषराम साहू के खाते से रकम काजोल गुप्ता नाम की महिला के खाते में गये हैं। पुलिस की पूछताछ में प्रार्थी बलराम साहू ने बताया कि जब उसके पिता नौकरी में थे, तब उनकी दोस्ती वैशाली नगर भिलाई निवासी वीरेंद्र गुप्ता से थी। जिनके घर आना-जाना करीब 10 से 12 वर्षों से लगा हुआ है।

काजोल गुप्ता, वीरेंद्र गुप्ता की बहू है। पुलिस ने सारे बैंक स्टेटमेंट्स को खंगालना शुरू किया। काजोल गुप्ता से सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला कि पति के कहने पर उसने बैंक खाता खुलवाया था। इसमें लाखों के ट्रांजेक्शन किये गये। काजोल ने बताया कि इसमें उसके पति चंद्रशेखर गुप्ता, ननद नेहा गुलहरे भी इस धोखाधड़ी में शामिल हैं।
पुलिस ने जब चंद्रशेखर, नेहा और काजोल तीनों से विस्तृत पूछताछ की, तब पता चला कि शेषराम साहू का उनके घर 10-12 साल से आना जाना था। तभी चंद्रशेखर और उसकी बहन नेहा ने मिलकर मार्च 2022 में शेषराम को बिना बताये उसके नंबर से नेट बैंकिंग एक्टिवेट की और काजोल के नाम से खाते खुलवाकर उसमें राशि ट्रान्सफर की गई। इस तरह से थोड़ा-थोड़ा करके करीब 18 से 20 लाख रुपये निकाल कर खर्च किए गए।

रुपयों से ख़रीदा यह सामान
ठगे गये पैसों से 1 स्प्लेंडर बाइक, फ्रिज, वाशिंग मशीन, अलमारी, 02 नग सोने का मंगलसूत्र, 01 जोड़ा सोने का टॉप्स, सोने की अंगूठी, चांदी का करधन, हाथ फूल व चैन, 03 नग स्मार्टफोन, और भी कई घरेलु चीजें खरीदी गईं। साथ आरोपी ने अपने भाई की शादी में 5 से 6 लाख रुपये खर्च कर दिये और उन 18 से 20 लाख रुपयों में से शेष कैश उसके पास केवल 59 हजार रुपये बचे थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।





































