TIRANDAJ. सिरसाढ़ के एक सरपंच प्रत्याशी ने जो चुनावी वादे किए हैं, उन्हें पढ़कर आप सिर पकड़ लेंगे। दरअसल, ऐसे वादे तो पीएम पद के प्रत्याशी भी नहीं कर सकते हैं। इन वादों को पढ़ने के बाद पहले तो आप हंसते-हंसते लोट-पोट हो जाएंगे। फिर आप सोचेंगे कि चलो उस गांव शिफ्ट हो जाते हैं।

सिरसाढ़ गांव में जयकरन लठवाल सरपंच पद के उम्मीदवार हैं। उन्होंने अपने चुनावी पोस्टर में वादा किया है कि वह चुनाव जीतने के बाद गांव में पेट्रोल 20 रुपए लीटर में दिलाएंगे। जीएसटी को खत्म कर दिया जाएगा। गांव में तीन एयरपोर्ट बनाया जाएगा।

नशेड़ियों का भी रखा ख्याल
इसके अलवा महिलाओं को फ्री-मेकअप किट दी जाएगी। सिलेंडर 100 रुपए में दिया जाएगा। फ्री वाई-फाई और युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। सिरसाढ़ से मोहाना के लिए हर पांच मिनट में हेलिकॉप्टर सुविधा होगी। इसके अलावा गांव के नशेड़ियों का भी ख्याल रखा गया है। उन्हें रोजाना एक बोतल दारू दी जाएगी।


बहरहाल, ये चुनावी वादे पूरे हों या न हों, लेकिन एक बात तो है। यह चुनावी पोस्टर सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो गया है। इस तस्वीर ने इंटरनेट पर आग लगा दी है। कमेंट की बाढ़ के बीच लोग इस शख्स की सोच पर हैरानी भी जता रहे हैं।

वादे सुनकर गांव में बसेगा दिल
पोस्टर के आधे हिस्से में पहले तारीफों के पुल बांधे गए हैं। फिर बचे हुए हिस्से में 13 ऐसे वादों का पिटारा खोला गया है कि आंखें फटी रह जाएंगी। ग्राम आधार पर दैनिक मन की बात कार्यक्रम। हर परिवार के लिए एक बाइक फ्री। दिल्ली तक मेट्रो लाइन बिछाई जाएगी।






































