तीरंदाज न्यूज। फेसबुक यानी मेटा ने हाल ही में एक चेतावनी जारी की है। इसमें बताया है कि फेसबुक के 10 लाख से ज्यादा यूजर्स के अकाउंट की जानकारी पासवर्ड के साथ लीक हो गई है। करीब 400 ऐप्स के जरिए यह डेटा लीक हुआ है, जिनमें फर्जी ऐप शामिल हैं।

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि गूगल प्ले स्टोर और एप्पल प्ले स्टोर पर फोटो एडिटर, मोबाइल गेम्स, हेल्थ ट्रैकर्स के रूप में कई फर्जी ऐप उपलब्ध हैं। इस तरह के ऐप अक्सर गेम, एडिटर और बहुत कुछ मामले में अपेक्षित रूप से काम करते हैं, जिससे अधिकांश लोगों को इसमें कोई संदेह नहीं होता है और उसके झांसे में आ जाते हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि ये ऐप यूजर्स से फेसबुक अकाउंट के जरिए लॉगइन करवाते थे। उसके बाद वे यूजर्स के हर तरह की एक्सेस ले लेते थे। हालांकि, लॉग इन करने के बाद काम नहीं करते थे। मेटा के थ्रेट डिसरप्शन के निदेशक डेविड एग्रानोविच ने कहा कि डेटा चोर जानते हैं कि ऐसे ऐप्स कितने लोकप्रिय हैं, इसलिए डेटा चोरी करने के लिए समान प्रणाली का इस्तेमाल करते हैं।

इन ऐप के जरिये चोरी की गई है जानकारी
फोटो एडिटर, कैमरा ऐप, वीपीएन सर्विस, राशिफल ऐप और फिटनेस ट्रैकिंग ऐप आदि के जरिये फेसबुक यूजर्स का डेटा चुराया गया है। ऐसे एंड्राइड ऐप की संख्या अधिक थी। ज्यादातर डेटा चोरी करने वाले ऐप फोटो फिल्टर और बिजनेस यूटिलिटीज थे। इनके नाम थे मेटा बिजनेस, एफबी एनालिटिक्स आदि थे, जिसकी वजह से यूजर्स को इन पर संदेह नहीं हुआ और वे कंफ्यूज हो गए।

बचने के लिए क्या करें यूजर्स
डेटा चोरी से बचने के लिए पहले तो किसी भी संदिग्ध दिखने वाले ऐप को डाउनलोड न करें. वैरिफाइड और ऑथेंटिक ऐप का इस्तेमाल करें. इसके बाद भी यदि धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं, तो सबसे पहले अपने अकाउंट को सभी डिवाइस से लॉगआउट करें और अपना पासवर्ड बदल लें। पासवर्ड में नाम, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी का इस्तेमाल नहीं करें।





































