BHILAI. भिलाई स्टील प्लांट (BSP) में मंगलवार को सुबह फिर एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे के दौरान कर्मी उक्त स्थान पर काम कर रहे थे तभी हादसा हुआ। फिलहाल हादसे की जांच की बात कही जा रही है।

भिलाई स्टील प्लांट में सबसे लंबी रेल पटरी का निर्माण करने वाले अत्याधुनिक यूनिवर्सल रेल मेल (URM) में मंगलवार की सुबह दुर्घटना हो गई। ब्लूम से पटरी को आकार देने के दौरान रोलिंग टेबल से एक पटरी बाहर आकर कर्मचारियों के केबिन (पुलपिट) से टकरा गई। इस दौरान स्थिति को देखते हुए केबिन में बैठे कर्मचारियों ने भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद से यूनिवर्सल रेल मिल के उक्त रोलिंग टेबल पर उत्पादन प्रभावित है। पटरी को फायर बिग्रेड की टीम द्वारा ठंडा करने के बाद उसे काटकर अलग किया जा रहा है।
गौरतलब है कि यह वहीं रेल मील है जहां वर्ल्ड की सबसे लंबी रेल पटरी को आकार दिया गया था। सूत्र बता रहे है कि यह हादसा सुबह छह बजे हुआ। यूनिवर्सल रेल मिल के रोलिंग टेबल क्रमांक बीड़ी -2 में लोहे के गर्म ब्लूम को पटरी का आकार देने का काम चल रहा था तभी एक पटरी रोलिंग टेबल से बाहर की ओर आ गई और केबिन से टकराते हुए रोलिंग टेबल पर बुरी तरह फंस गई। इस दौरान केबिन में उपस्थित कर्मचारियों ने वहां से भागकर जान बचाई। उक्त रोलिंग टेबल पर उत्पादन का काम पूरी तरह ठप हो गया।

किसी हताहत की सूचना नहीं
फिलहाल इस दुर्घटना में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन उत्पादन प्रभावित जरूर हो गया है। रोलिंग टेबल पर पटरी को पूरी तरह ठंडा करने के लिए BSP के फायर बिग्रेड की मदद ली जा रही है। इसे ठंडा करने के बाद काटकर हटाया जाएगा। इसके बाद रोलिंग टेबल एवं कर्मचारियों के बैठने वाले केबिन की मरम्मत का काम होगा। घटना की जानकारी लगने के बाद BSP के ऑफिसर्स घटना स्थल पर पहुंच रहे है।

गौरतलब है कि BSP के यूनिवर्सल रेल मील में करीब 40 दिन पहले भी केबिन में ओवरहेड क्रेन का हुक टकरा गया था। इस दौरान केविन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। वही केबिन में बैठे करीब आधा दर्जन कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई थी।






































