रायपुर। वॉट्सऐप अपने ग्रुप एडमिन को एक्सट्रा पावर देने पर काम कर रहा है। दरअसल, वॉट्सऐप पर पोस्ट की गई आपत्तिजनक सामग्री के मामले में कई मामलों में पुलिस ने ग्रुप के एडमिन के खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि, इन मामलों में बॉम्बे हाई कोर्ट और मद्रास हाई कोर्ट ने माना कि व्हाट्सएप ग्रुप एडमिन ग्रुप में पोस्ट की गई आपत्तिजनक सामग्री के लिए उत्तरदायी नहीं थे, क्योंकि उनके पास पोस्ट हटाने का अधिकार नहीं था।
इसलिए पिछले साल बॉम्बे हाई कोर्ट ने माना कि ग्रुप एडमिन के पास ग्रुप के सदस्यों को जोड़ने या हटाने की सीमित शक्तियां हैं। उनके पास ग्रुप में पोस्ट की गई सामग्री को कंट्रोल करने या सेंसर करने की शक्ति नहीं है। लिहाजा ग्रुप पर किसी मेंबर द्वारा पोस्ट की गई सामग्री के लिए उन्हें जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
इसे देखते हुए वॉट्सऐप ग्रुप एडमिन को अतिरिक्त अधिकार देने के लिए नए फीचर पर काम कर रहा है। इसे मॉडरेशन फीचर के नाम से पेश किया जा सकता है। इससे ग्रुप एडमिन ग्रुप के किसी भी यूजर के मैसेज को डिलीट कर सकेगा। वॉट्सऐप का मॉडरेशन फीचर जल्द ही बीटा टेस्टिंग के लिए रोल आउट हो सकता है। बताते चलें कि इस तरह का फीचर टेलीग्राम में दिया जाता है।
वॉट्सऐप फीचर ट्रैकिंग वेबसाइट WABetaInfo ने इस बारे में जानकारी दी है। वॉट्सऐप के नए फीचर के आने से ग्रुप एडमिन ग्रुप्स से फेक न्यूज, क्रिमिनल और सेक्शुअल एक्टिविटी को बढ़ावा देने वाले पोस्ट को हटा सकेंगे।
हालांकि, इस बारे में की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है कि ग्रुप के एडमिन किसी ग्रुप के पुराने मैसेज को डिलीट कर पाएंगे या नहीं। फिलहाल एडमिन के पास चैट या ग्रुप में अपने मैसेज को डिलीट करने की सुविधा है, जिसे एक घंटा आठ मिनट और 16 सेकेंड में हटाया जा सकता है।





































